छठ महापर्व के लिए सजने लगे बोकारो के घाट, बीएसएल ने दुरुस्त की साफ-सफाई और सुविधाएं


बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन द्वारा लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर बोकारो स्टील सिटी टाउनशिप के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों एवं सरोवरों पर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। पर्व को लेकर साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि शेष कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाटों एवं सरोवरों की साफ-सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों को दुरुस्त करने सहित अन्य आवश्यक कार्य अंतिम चरण में हैं। इस क्रम में टू टैंक छठ घाट, सेक्टर-4डी स्थित जगन्नाथ मंदिर के समीप सरोवर, सेक्टर-4एफ स्थित सूर्य सरोवर, सेक्टर-5 सरोवर, सेक्टर-1सी तथा सिटी पार्क स्थित छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराए गए हैं। इन घाटों एवं सरोवरों से जलकुंभी, खर-पतवार, कचरे एवं अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाया गया है। साथ ही, घाटों की सीढ़ियों की मरम्मत एवं रंग-रोगन के अलावा श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संपर्क मार्गों को भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है।

घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर लगाई जाएगी 

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता, सुगम आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीएसएल प्रबंधन द्वारा छठ महापर्व से संबंधित सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि छठ व्रती एवं श्रद्धालु पूरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में इस महापर्व को मना सकें।


और नया पुराने