डीपीएस बोकारो की दिव्याशा वत्स बनीं बेस्ट डेलिगेट, अग्रणी MUN में देशभर के छात्रों ने लिया हिस्सा


बोकारो स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की ओर से आयोजित दो-दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) कॉन्फ्रेंस अग्रणी के द्वितीय संस्करण का समापन रविवार देर शाम पुरस्कार वितरण के साथ हो गया। विभिन्न कमेटियों में अलग-अलग पोर्टफोलियो के रूप में शामिल वैश्विक प्रतिनिधि की भूमिका निभाने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अलग-अलग श्रेणियों में उन्हें पुरस्कृत कर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मेलन में बोकारो सहित झारखंड के विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से आए कई विद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समितियों में बतौर प्रतिनिधि हिस्सा लिया। उन्होंने वैश्विक सौहार्द, समृद्धि और शांति से संबंधित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर अलग-अलग सत्रों में चर्चा की। न केवल चर्चा की, बल्कि समस्याओं के समाधानोन्मुखी बिंदुओं पर भी गहन मंथन कर उन्होंने अपने ग्लोबल ज्ञान और अद्भुत कूटनीतिक कौशल से सभी को प्रभावित किया।

डीपीएस पाकुड़ की टीम को बेस्ट ओरेटरी टीम का पुरस्कार मिला

सम्मेलन के तहत सभी गतिविधियों में समेकित प्रदर्शन, पुरस्कार एवं प्रतिभागिता के आधार पर डीपीएस बोकारो ने बेस्ट स्कूल डेलिगेशन का खिताब जीता। जबकि, डीपीएस पाकुड़ की टीम को बेस्ट ओरेटरी टीम का पुरस्कार मिला। इधर, समितिवार पुरस्कारों के तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में डीपीएस बोकारो की दिव्याशा वत्स ने अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति से बेस्ट डेलिगेट (सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि) का खिताब अपने नाम किया। वहीं डीपीएस धनबाद के ईशान कुमार राय को हाई कमेंडेशन (उच्च प्रशंसा) पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा चिन्मय विद्यालय के प्रियांशु पांडे को स्पेशल मेंशन (विशेष उल्लेख) तथा असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल (एजीसीएस) पुरुलिया के शुभजीत पाल, पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया की अनन्या सिंह एवं डीपीएस बोकारो के अनिमेष कुमार व तेजस पाठक को वर्बल मेंशन (मौखिक उल्लेख) का सम्मान प्राप्त हुआ। संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (यूएनसीएसडब्ल्यू) में डीपीएस चास के सक्षम सिंह ने बेस्ट डेलिगेट, डीपीएस बोकारो की शांभवी ने हाई कमेंडेशन तथा डीपीएस धनबाद की प्रज्ञा कुमारी मे स्पेशल मेंशन पुरस्कार जीता। 

और नया पुराने