राज्यपाल ने गंगा दशहरा पर कही ये बातें, दामोदर नदी के लिए बड़ी उम्मीदें

बोकारो के पुपुनकी दामोदर नदी किनारे गंगा दशहरा के अवसर पर देवनद दामोदर महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। यह महोत्सव युगांतर भारती दामोदर बचाओ आंदोलन, नेचर फाउंडेशन, दामोदर क्षेत्र विकास ट्रस्ट, तथा आईआईटी-ISM के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर दामोदर बचाव अभियान के प्रणेता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह भी मौजूद थे।

पारंपरिक तरीके से हुआ राज्यपाल का स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत से हुई। इसके बाद राज्यपाल संतोष गंगवार ने दोनों विधायकों के साथ मिलकर दामोदर नदी की आरती में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सभी लोगों को नदी की सफाई और संरक्षण के लिए तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रयासों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने गंगा नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने का कार्य किया है।

नदियों को साफ कर बचाना है जरूरी

दामोदर नदी राज्य की एक प्रमुख नदी है, जिसे प्रदूषित करने में उद्योग और आम लोगों दोनों की भूमिका है। विधायक सरयू राय ने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। वर्तमान में दामोदर नदी पहले से काफी साफ हुई है, लेकिन इसे संरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।

बोकारो-चास के लिए एक महत्वपूर्ण दिन

बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने इस दिन को बोकारो-चास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के इस कार्यक्रम में शामिल होने से स्थानीय लोगों में उत्साह बढ़ा है। दामोदर नदी किनारे रिवर फ्रंट बनाने की जो योजना चर्चा में आई है, उसके शीघ्र पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।

और नया पुराने