NEP सम्मेलन में बोकारो की शिक्षिकाओं ने दिखाई झारखंड की शैक्षणिक ताकत


राष्ट्रीय शिक्षा नीति (न्यू एजुकेशन पॉलिसी) 2020 के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2025 में देश भर से चुनिंदा शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के बोकारो से दो  शिक्षिकाओं ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

समागम में निभाई भागीदारी 

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2020 से सम्मानित डॉ. निरुपमा कुमारी जिला रामरुद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय चास तथा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 से सम्मानित डॉ. आशा रानी +2 उच्च विद्यालय चंदनकियारी ने इस समागम में भागीदारी निभाई। दोनों ही शिक्षिकाएं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की मेंटर हैं और देशभर के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।


समागम का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया

इस समागम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा किया गया। उन्होंने NEP 2020 के अंतर्गत हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शिक्षा के अगले चरण के लिए रूपरेखा प्रस्तुत की। समागम में राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली को सुलभ, समावेशी, व्यावहारिक और वैश्विक अर्थव्यवस्था के अनुरूप बनाने पर बल दिया गया।

शिक्षा में सुधार आदि विषयों पर हुई चर्चा

इस मौके पर डिजिटल शिक्षा, भारतीय भाषाओं में शिक्षण, माध्यमिक शिक्षा में सुधार, और शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुईं। साथ ही वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन, स्वयं, समर्थ, परख जैसी पहलों की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ भी सामने आईं। विशेष रूप से डॉ. निरुपमा कुमारी और डॉ. आशा रानी की उपस्थिति ने यह दर्शाया कि बोकारो जैसे जिले से भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार की प्रेरणा देश को मिल रही हैं। दोनों शिक्षिका शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार, तकनीकी समावेश और बाल केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा दे रही हैं।

झारखण्ड के ये शिक्षक भी हुए शामिल

इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच पर उनकी सहभागिता से न केवल बोकारो बल्कि पूरे झारखंड को गौरव की अनुभूति हुई है। झारखंड राज्य से अन्य तीन शिक्षक भी इस समागम में सम्मिलित हुए। जमशेदपुर से मनोज कुमार सिंह एवं शिप्रा मिश्रा तथा देवघर से अरविंद राज जजवारे सम्मिलित हुए।

और नया पुराने