देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर झारखण्ड पहुंची। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि श्रावणी माह की इस पुण्य बेला में राष्ट्रपति का देवघर आगमन सम्पूर्ण राज्यवासियों के लिए हर्ष का विषय है।
देवघर केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास के दौरान विशेष रूप से देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए आते हैं।
दीक्षांत समारोह में शिरकत की राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एम्स, देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह में शिरकत की। राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में असमानता को दूर करने के लिए स्थापित एम्स, देवघर जैसे चिकित्सा संस्थान अंधकार में प्रकाश फैलाने वाले प्रकाश स्तंभों की तरह हैं। इन संस्थानों पर न केवल कम लागत पर विश्वस्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा प्रदान करने की ज़िम्मेदारी है, बल्कि स्वास्थ्य सेवा पारिस्थितिकी तंत्र में परिवर्तनकारी भूमिका निभाने की भी ज़िम्मेदारी है।
शाम को रांची पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी के झारखंड आगमन पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। वीरभूमि झारखंड ने राष्ट्रपति का जोहार व सम्मान के साथ अभिनंदन किया। शाम में राष्ट्रपति का आगमन राजभवन में हुआ। कल सुबह राष्ट्रपति धनबाद आईआईटी-आइएसएम के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।