सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देशानुसार नगरपालिका आम चुनाव एवं होली पर्व के मद्देनज़र उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जरीडीह थाना अंतर्गत रोरिया गांव (टोला तिलायतंड) में बुधवार देर शाम छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक मकान से नकली विदेशी शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया।
भारी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण सामग्री बरामद
छापेमारी में विभिन्न ब्रांड की कुल 1800 बोतल विदेशी शराब (534.600 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब में मैकडॉवेल, स्टर्लिंग बी7, रॉयल स्टैग, आइकोनिक वाइट एवं रॉयल चैलेंज ब्रांड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 18 जर्किन में लगभग 900 लीटर स्पिरिट, भारी मात्रा में नकली ईएएल, विभिन्न ब्रांड्स के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें तथा कारमेल मिक्सर भी बरामद किए गए।
चुनाव एवं होली पर्व को देखते हुए सतर्कता
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी नगरपालिका आम चुनाव 2026 एवं होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिससे अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है।
तीन अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज
मामले में कुंडोरी निवासी राजा बाबू, बस्तेजी निवासी संतोष मुर्मू एवं रोरिया निवासी दुर्गा चरण हांसदा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया जा रहा है। इस कार्रवाई में सन्नी विवेक तिर्की (अवर निरीक्षक उत्पाद, तेनुघाट), महेश दास (अवर निरीक्षक उत्पाद, चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल) सहित अधीनस्थ उत्पाद बल की सक्रिय भूमिका रही। उत्पाद विभाग ने कहा है कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
