बच्चा चोरी के सन्देह में लगातार कहीं ना कहीं किसी को पकड़कर उसके साथ मारपीट की घटना लगातार मिल रही है। शुक्रवार को चास के वंशीडीह में बच्चा चोर समझकर एक साधु के साथ मारपीट की गई। वहीं शुक्रवार को समय करीब 10.00 बजे दिन में सूचना प्राप्त हुई कि बालीडीह थाना अन्तर्गत ग्राम गोस्वामी टोला, बिशुनपुर में एक महिला को बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगो के द्वारा घेर लिया गया है तथा हो- हल्ला कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कारवाई के लिए अविलंब बालीडीह थाना की पेट्रोलिंग पार्टी एवं थाना के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी गोस्वामी टोला बिशुनपुर पहुंचे, जहां पाया गया कि बिशुनपुर सामुदायिक भवन के पास करीब 500 महिला एवं पुरूष की भीड़ इकट्ठा होकर हो- हल्ला कर रही है। स्थानीय मुखिया से बातचीत करने पर बताया गया कि एक महिला को भीड़ बच्चा चोर समझ कर मारपीट करने का प्रयास कर रही थी, जिसे बचाकर सामुदायिक भवन के एक कमरा में रखा गया है। भीड़ को समझा-बुझा कर शांत करने का प्रयास किया गया लेकिन भीड़ और उग्र होती चली गई, जिसे देखते हुए बोकारो जिला के अन्य थाना एवं पुलिस उपाधीक्षक, नगर, बोकारो भी दल बल के साथ आये, जिनके सहयोग से उक्त महिला को भीड़ से बचाकर सुरक्षीत जांच एवं पुछताछ हेतू थाना लाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों को इस सम्बन्ध में अवगत कराया गया। पुलिस के द्वारा समझा-बुझा कर भीड़ को हटाया गया।
जिसे समझा बच्चा चोर, वह निकली प्रोडक्ट बेचने वाली
जांच एवं सत्यापन में यह ज्ञात हुआ कि उक्त महिला का नाम मनीषा देवी, उम्र-27 वर्ष, पती-हेमलाल महतो, सा०-तिलैया, थाना-बरवड्डा, जिला-धनबाद की रहने वाली है, जो DXN कंपनी के प्रोडक्ट को गांव मुहल्ला में घूम घूम कर बेचने एवं प्रचार करने का काम करती हैं। इसी सिलसले में ये गोस्वामी टोला पहुंची थी। इस महिला के द्वारा कल गुरुवार को जरीडीह थाना अन्तर्गत विभिन्न गांव-मोहल्लों में इस कंपनी का प्रोडक्ट बेची है। सत्यापन में बच्चा चोरी करने सम्बन्धित कोई साक्ष्य नही पाया गया। केवल संदेह के आधार पर इन्हें रोक कर रखा गया था।
किसी अनजान व्यक्ति की सूचना पुलिस को दें, अफवाह ना फैलाएं
बोकारो जिला के सभी आम जनता से अनुरोध है कि अपने गांव मोहल्लो में कोई संदिग्ध अनजान व्यक्ति/महिला मिलता है तो स्थानीय थाना एवं 112 में कॉल कर सूचित करे। न की खुद कानून को हाथ में लेकर अनजान व्यक्ति के साथ मारपीट या बंधक बनाने का कार्य न करें। यह बिलकुल कानून का उल्लंघन है। साथ ही किसी प्रकार की आफवाहिक सूचना को सोशल मिडिया पर वायरल करने से बचे।
