नगरपालिका चुनाव को लेकर बनाए गए सभी चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है. वहीं गाड़ियों के शीशों पर लगे काले फिल्म को हटाया जा रहा है. इसी दौरान फुसरो नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत एसएसटी चेक पोस्ट हिंदुस्तान पुल का बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों से आवागमन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की जानकारी ली तथा वाहन पंजी (रजिस्टर) की जांच की। डीईओ सह डीसी ने चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश देते हुए छोटे-बड़े सभी वाहनों की अनिवार्य रूप से जांच सुनिश्चित करने को कहा। वहीं गरगा पुल के समीप स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल के पास भी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. गाड़ियों की डिक्की की जांच के साथ ही शीशों में लगे काले फिल्मों को भी हटाया जा रहा है.
पूरी सतर्कता से संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा विशेष नजर
उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी मुकेश मछुआ, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार, अंचलाधिकारी बेरमो सह निर्वाची पदाधिकारी संजीत कुमार, अंचलाधिकारी जरीडीह सह निर्वाची पदाधिकारी ऋतुराज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। डीईओ सह डीसी ने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
Tags
झारखण्ड
