नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के मतदान संपन्न होने के बाद चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद के मतदान दलों द्वारा मतपेटिका रिसिविंग (जमा) करने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है।मतपेटिका प्राप्ति का कार्य चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बनाए गए केंद्र पर किया जा रहा है, जहां मतदान दल कतारबद्ध होकर मतपेटिका एवं आवश्यक प्रपत्र जमा कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था के तहत जिन मतदान दलों के प्रपत्र पूर्ण नहीं थे, उनके लिए केंद्र परिसर में पंडाल बनाकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रपत्र पूरा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। मतदान कर्मियों के लिए केंद्र पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही मेडिकल हेल्प डेस्क की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कर्मियों को चाय-बिस्किट के साथ दाल-भात केंद्र पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। देर शाम तक कार्य सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए पूरे परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है।
मतदान कर्मियों को वापस जाने के लिए वाहन की गई थी व्यवस्था
रिसीविंग (जमा) कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मी सहयोगात्मक भूमिका निभा रहे हैं, जिससे मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। दूरस्थ क्षेत्रों से आए मतदान कर्मियों को वापस भेजने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहन की व्यवस्था भी की गई है। मतपेटिका प्राप्ति केंद्र पर दोनों प्रेक्षक, सभी वरीय पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं, जिससे मतपेटिका संग्रहण कार्य शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो रहा है।
Tags
झारखण्ड

