सुबह से चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में मतदाताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई. मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। सभी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद दिखे। हालांकि कुछ मतदान केंद्रों में लाइन में खड़े लोगों ने गर्मी से परेशान होकर कहते सुना गया कि अगर ईवीएम से मतदान होता तो 2 से 3 घंटे लाइन में नहीं लगना पड़ता। चास की सभी दुकानें व प्रतिष्ठान दिन भर बंद रहे. वहीं गरगा पुल पर चास जाने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई. डीईओ सह डीसी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा देर शाम तक जारी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा था। संबंधित मतदान केंद्रों पर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। ऐसे केंद्रों पर प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पेयजल एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
इस तरह से बढ़ा मतदान का ग्राफ
सुबह 9 बजे तक चास नगर निगम में 7.15 % व फुसरो में 9.45 % मतदान हुआ था. वहीं 11 बजे चास में 16.15 %, फुसरो में 21.33 %, 1 बजे तक चास में 26.50 व फुसरो में 35.60 %, 3 बजे तक चास में 36.92 व फुसरो में 47.73 %, 5 बजे तक चास में 49.76 व फुसरो में 58.37 %, शाम 7 बजे तक 50.83 व फुसरो में 58.37 % मतदान हुआ था. चास के 136 और फुसरो के 65 मतदान केंद्रों में वोटिंग हुई.
घायल चास एसडीपीओ उपचार के बाद ड्यूटी पर लौटे
मतदान के दौरान घायल हुए चास एसडीपीओ के उपचार के उपरांत पुनः निर्वाचन ड्यूटी पर लौटने को डीईओ सह डीसी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सर्वोच्च प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। कहा कि, घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है तथा प्रशासन द्वारा जीरो टोलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि दोनों नगर निकायों में कुल 201 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें चास नगर निगम क्षेत्र में 136 तथा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 65 मतदान केन्द्र शामिल थे। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में केन्द्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया तथा वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में थे
चास नगर निगम में कुल 35 वार्डों के लिए 216 उम्मीदवा चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 112 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं, महापौर पद के लिए 31 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिनमें 04 महिला प्रत्याशी शामिल है। वहीं, फुसरो नगर परिषद में 28 वार्डों के लिए 129 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 67 महिला प्रत्याशी हैं, जबकि अध्यक्ष पद के लिए 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चास नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,61,922 मतदाता हैं, जिनमें 83,039 पुरुष, 78,866 महिलाएं और 17 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कुल 64,782 मतदाता हैं, जिनमें 32,992 पुरुष और 31,790 महिला मतदाता शामिल हैं।
6 आदर्श और 25 पर्दानशीन मतदान केन्द्र
चास नगर निगम में 6 आदर्श तथा 25 पर्दानशीन मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जबकि फुसरो नगर परिषद में 5 आदर्श और 4 पर्दानशीन मतदान केन्द्र स्थापित किए गए। इन केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष निगरानी चास नगर निगम क्षेत्र में 98 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील तथा 29 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया। वहीं, फुसरो नगर परिषद में 19 केन्द्र अति संवेदनशील और 36 केन्द्र संवेदनशील घोषित किए गए। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए सुपर जोनल, जोनल-सह-सेक्टर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। मतदान भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए तथा अति संवेदनशील केन्द्रों पर ड्रोन से निगरानी की गई। चास नगर निगम की पोल्ड मतपेटिकाओं को चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में सुरक्षित रखा जाएगा। मतपेटिका प्राप्ति के लिए कुल 18 काउंटर बनाए गए हैं। विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है।
