झारखंड विधानसभा की निवेदन समिति का बोकारो भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस पहुंची। जहां जिले के अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलो एवं आमजन से प्राप्त निवेदनों से संबंधित बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह विधायक चंदनकियारी उमाकांत रजक द्वारा की गई। इसमें, समिति ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जन-समस्याओं और विधायकों द्वारा समर्पित निवेदनों पर बिंदुवार चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के लिए कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में समिति ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जन-समस्याओं एवं विधायकों द्वारा दिए गए निवेदनों पर बिंदुवार चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान समिति के सभापति सह विधायक चंदनकियारी उमाकांत रजक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त निवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन मामलों में लापरवाही पाई गई, वहां संबंधित विभागों को जवाबदेही तय करने का भी निर्देश दिया गया।
पेयजल, बिजली आदि मुद्दों को प्राथमिकता से की पूरी की जाए
निवेदन समिति ने विशेष रूप से जनहित से जुड़े मुद्दों जैसे पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समिति के सभापति सह विधायक चंदनकियारी उमाकांत रजक ने कहा कि निवेदन समिति जनता और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती है, इसलिए प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाया जाए तथा अगली बैठक में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने बताया कि आज के निवेदन समिति में कुल 52 निवेदन थे। उन सभी निवेदनों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा हुई तथा उक्त सभी निवेदनों का निष्पादन जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया।
समिति का सख्त रुख
निवेदन समिति ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और लंबित योजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सदस्य सह विधायक बगोदर नगेन्द्र महतो, सदस्य सह मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, निदेशक डीपीएलआर मेनका, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी संदीप शिंदे, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न पीएसयू के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक से पूर्व उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार द्वारा सभापति एवं सदस्यों को पौधा, पुस्तक व बिरसा मुंडा की प्रतिमा देकर स्वागत किया गया।
