21 मार्च को सरहुल पर्व के अवसर पर चास - बोकारो शहर में विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे एवं युवक-युवतियाँ पारंपरिक जुलूस में सम्मिलित होकर नयामोड़ चौक पर एकत्रित होंगे। इस दौरान यातायात एवं विधि-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था 21 मार्च को अपराह्न 03:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इन रूटों को किया गया डायवर्ट
उकरीद मोड़ से नयामोड़ मार्ग: उकरीद मोड़ से नयामोड़ की ओर आने वाले सभी वाहनों को पुलिस लाइन मोड़ होते हुए बायें सेक्टर-12 मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सेक्टर-4 से उकरीद मोड़ मार्ग: सेक्टर-4 से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को राजेन्द्र चौक से बायें राम मंदिर चौक, वहाँ से दाहिने हवाई अड्डा मार्ग होते हुए सेक्टर-12 मोड़ से बायें पुलिस लाइन मोड़ की ओर भेजा जाएगा। चास से उकरीद मोड़ मार्ग: चास की ओर से आने वाले वाहनों का परिचालन हवाई अड्डा मार्ग से सेक्टर-12 मोड़ होते हुए बायें पुलिस लाइन मोड़ की ओर रहेगा।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
माराफारी की ओर से उकरीद मोड़ की दिशा में जाने वाले भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित समय एवं स्थान पर वाहनों को नियंत्रित एवं डायवर्ट करना सुनिश्चित करें। आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे उक्त यातायात व्यवस्था का पालन करें एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सरहुल पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
