172151 व्यक्तियों के मुंह की जांच में 387 व्यक्तियों में मिले ओरल कैंसर से सम्बन्धित लक्षण


सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देश में मनाए जा रहे विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम के तहत सभी सीएचसी, पीएचसी एवं 123 आयुष्मान आरोग्य मन्दिर में ओरल स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके लिए सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जिला स्तर पर प्रशिक्षित किया गया था और निर्देश दिया गया कि यह अभियान एक माह तक समुदाय स्तर पर जारी रखें और हर आयु के लोगो की मुंह की जांच करें। इस संदर्भ में सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि जन्म से लेकर हर उम्र तक मुंह के स्वास्थ्य की जांच अवश्य करना चाहिए। छोटे बच्चों के मसूढों को स्वच्छ गीले कपडे से साफ करना चाहिए। 6 वर्ष के उम्र तक के बच्चों के दांतों की साफ सफाई माता पिता अपने निगरानी में करें। 

सोने से पहले करें ब्रश 

बड़ों को सुबह और सोने से पहले दो मिनट तक टूथ पेस्ट से ब्रश करें। खराब मुख स्वास्थ्य से मुंह के कैंसर, हृदय रोग, निमोनिया, मधुमेह, इत्यादि बीमारियों का दुष्प्रभाव पड़ता है। सिविल सर्जन बोकारो ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 172151 व्यक्तियों का मुंह की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई, जिसमें कुल 387 व्यक्तियों के अन्दर ओरल कैंसर से सम्बन्धित लक्षण प्राप्त हुए है, जिसके जांच हेतु आगे रेफर किया गया है। साथ ही अन्त में सिविल सर्जन के द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्क्रीनिंग को और बढ़ाए। सभी दन्त चिकित्सा पदाधिकारी का सहयोग लेते हुए समुदाय स्तर पर कैम्प का आयोजन करें। इस कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी डॉ सुधा सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिना अग्रवाल, जिला परामर्शी मो असलम, जिला कार्यक्रम सहायक आरती मिश्रा उपस्थित थी।

और नया पुराने