डीसी ने जरूरतमंदों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने का दिया निर्देश


शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की तिमाही बैठक उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के कार्यों, सीडी रेशियो, एसएचजी लोन, वार्षिक ऋण योजना की प्रगति, एसीपी बकाया, प्राथमिकता क्षेत्र की जमा राशि के आधार पर समीक्षा, सरकारी योजनाओं की प्रगति एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, एलडीएम आबिद हुसैन, डीडीएम नावार्ड  फीलोमन बिलुंग एवं आरबीआई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

केवल आंकड़ों तक सीमित न रहें

बैठक के दौरान सभी बैंकों के एनालिसिस की समीक्षा के संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सभी बैंक एवं संबंधित विभाग अपने-अपने लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें और केवल आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर वास्तविक लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति का नियमित विश्लेषण (Analysis) किया जाए, ताकि यह पता चल सके कि किन क्षेत्रों में कमी है और उसमें समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में प्रगति धीमी है, वहां विशेष रणनीति बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि डेटा आधारित समीक्षा से ही सही स्थिति सामने आती है, इसलिए सभी विभाग एवं बैंक पारदर्शिता के साथ अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें और आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

जरूरतमंदों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें

उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके और जिले का समग्र विकास हो। उन्होंने लंबित ऋण आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने, लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया, साथ ही जहां प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां सुधार लाने का भी निर्देश दिया। 

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चले

बैठक में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल एवं औपचारिक बैंकिंग प्रणाली का लाभ उठा सकें। मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) एवं जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे। बैठक में सभी ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया।

और नया पुराने