एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप 2026 : रेशमा और सौरव ने बोकारो का बढ़ाया मान


बुधवार को 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप 2026, नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल जिले बल्कि पूरे देश का नाम गौरवान्वित किया है।प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बोकारो की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रेशमा कुमारी ने फाइनल मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं, जिले के ही उभरते खिलाड़ी सौरभ सिंह ने अपने बेहतरीन कौशल, धैर्य एवं रणनीति का परिचय देते हुए फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि से बोकारो सहित पूरे राज्य में हर्ष का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हो रही है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।उपायुक्त अजय नाथ झा ने दोनों खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

इसी तरह जिले का नाम रोशन करेंगे खिलाड़ी 

उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और देश का नाम रोशन करते रहेंगे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कहा कि मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और निरंतर सहयोग का ही परिणाम है कि बोकारो के ये होनहार खिलाड़ी आज राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचा रहे हैं। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।


और नया पुराने