समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि उपायुक्त ने कोषागार से पुलिस विभाग के लेखापाल के द्वारा अवैध निकासी के मामले पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है और इस पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से ही इस मामले की जांच जारी है। आज ही कोषागार के निरीक्षण के दौरान अवैध निकासी की राशि अधिक होने के संकेत प्राप्त- हुए हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ व्यक्तियों (राम नरेश सिंह, उपेंद्र सिंह, एस कुमार आदि) के नाम सामने आए हैं, जिनके नाम से भी संबंधित लेखापाल द्वारा अवैध राशि की निकासी की गई है। चूंकि यह मामला पुलिस अनुसंधान के अधीन है, इसलिए जांच पूरी होने के बाद ही सटीक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जांच के लिए बहु-स्तरीय टीम गठित
मामले की गहन जांच के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य स्तर पर भी एक जांच टीम गठित की गई है, जो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद सभी तथ्यों को पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाएगा। उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन पर विश्वास बनाए रखें। जिला प्रशासन हर स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बोकारो जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को सख्ती से रोका जाएगा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद उरांव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप में बोकारो के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
नई दिल्ली में आयोजित 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप 2026 में बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले एवं देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। भारतीय टीम का हिस्सा बनकर प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बोकारो (चंदनकियारी) की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रेशमा कुमारी ने फाइनल मुकाबले में अद्वितीय खेल कौशल, संतुलन एवं एकाग्रता का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया। उनके इस प्रदर्शन ने महिला खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।इसी प्रकार, जिले के उभरते खिलाड़ी सौरभ सिंह ने अपने उत्कृष्ट कौशल, रणनीतिक सोच एवं धैर्यपूर्ण खेल का परिचय देते हुए फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल बोकारो बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उपायुक्त ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
स्कूल बस दुर्घटना पर त्वरित कार्रवाई, सभी घायल बच्चों की स्थिति सामान्य
उपायुक्त ने जानकारी दी कि गुरूवार को चंद्रपुर रजाबेड़ा मोड़ के समीप वीआरएल डीएवी स्कूल की बस एवं एक ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में कुल 12 बच्चे घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी प्राथमिक चिकित्सा जांच की गई।घायलों में से 06 बच्चों को बेहतर उपचार हेतु बीजीएच, बोकारो रेफर किया गया। वर्तमान में सभी बच्चों की स्थिति स्थिर एवं सामान्य है। उपायुक्त ने चिकित्सकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उपचाररत बच्चों की स्थिति की जानकारी ली एवं समुचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी स्कूल बसों की सघन जांच की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, स्कूल के खुलने एवं बंद होने के समय भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण हेतु संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
