पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बोकारो सीमा सील, सभी बॉर्डर पर सघन जांच व पेट्रोलिंग


पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर जिले से सटे सभी अंतर्राज्यीय बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो, इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उपायुक्त ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी अवांछित तत्व की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मुख्य सड़क मार्गों के साथ-साथ जंगलों एवं पगडंडियों से होकर आने-जाने वाले रास्तों को भी सील कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अवैध आवाजाही नहीं हो सके।


सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच

सीमावर्ती क्षेत्रों में सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है तथा प्रत्येक प्रवेश बिंदु पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जांच अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मतदाताओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए, जबकि असामाजिक एवं अवांछित तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

और नया पुराने