गुरुवार को एक प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कथित अनियमितताओं के आरोप में सीलबंद की गई डीपीएस बोकारो की कैंटीन 33 घंटे के भीतर फिर से सामान्य हो गई। गुरुवार को सील लगाने वाली खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी जया कुमारी और सेक्टर-4 थाना पुलिस बल की मौजूदगी में लगाई गई सील को खोल दिया। शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उक्त दोनों महिला पदाधिकारियों, आउटसोर्स पर डीपीएस बोकारो में कैंटीन के संचालक तथा विद्यालय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सील की गई कैंटीन खोलने की कार्रवाई शुरू की गई।
कैंटीन संचालक ने वैध लाइसेंस प्रस्तुत किया
कैंटीन के संचालक एवं विद्यालय प्रतिनिधियों की ओर से वैध अनुज्ञप्ति होेेने की अद्यतन जानकारी दी गई। साथ ही, कैंटीन संचालक ने आगे भी प्राप्त दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन किए जाने की कटिबद्धता व्यक्त की। इसके बाद देर शाम लगभग 7.30 बजे विद्यालय की कैंटीन को खोल दिया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती लकड़ा ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में अन्य अधिकारियों तथा विद्यालय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वयं कैंटीन की सील तोड़कर उसका दरवाजा खोला। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को बगैर किसी पूर्व सूचना के आनन-फानन में उक्त कैंटीन को पूर्वाह्न लगभग साढ़े 11 बजे सील कर दिया गया था।
Tags
झारखण्ड
