बोकारो के शहरी क्षेत्रों में लगातार मिल रही मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 मिसिंग मोबाइल बरामद किए हैं। इस संबंध में आज आलोक रंजन ने सिटी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को मिसिंग मोबाइल की खोजबीन तेज करने का निर्देश दिया गया था। इसी अभियान के तहत सीआईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल को ट्रैक कर बरामद की गई। बरामद मोबाइल में बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के 33 मोबाइल, हरला थाना के 8 मोबाइल, सेक्टर-4 थाना के 2 मोबाइल, सेक्टर-12 थाना के 3 मोबाइल तथा सेक्टर-6 थाना का 1 मोबाइल शामिल है।
मोबाइल गुम होने पर थाने में करें शिकायत दर्ज
पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल को संबंधित थानों में जमा कर दिया है और अब दस्तावेज सत्यापन के बाद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे जाएंगे। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने कहा कि CEIR पोर्टल आम लोगों के लिए काफी उपयोगी है। यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाता है तो वह पोर्टल पर मोबाइल की जानकारी एवं थाना में दर्ज शिकायत की कॉपी अपलोड कर सकता है। इसके बाद जैसे ही मोबाइल ऑन होता है, उसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना और मोबाइल धारक को मिल जाती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत थाना में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल का उपयोग करें, ताकि मोबाइल की बरामदगी में आसानी हो सके।
Tags
क्राइम
