बीएसएल में विश्व पर्यावरण दिवस पर कसमार स्थित दांतू के छात्रों को मिला ईको-इनोवेशन अवार्ड


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के पर्यावरण संरक्षण एवं सततता (ईसीएस) विभाग द्वारा पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों एवं अभियानों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के विजेताओं को बोकारो इस्पात संयंत्र तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, बोकारो सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान जिले के कसमार प्रखंड स्थित दांतू गांव के चार विद्यार्थियों को सौर ड्रायर (सोलर ड्रायर) के उपयोग पर आधारित उनके अभिनव प्रोजेक्ट के लिए ‘ईको-इनोवेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, संयंत्र, टाउनशिप एवं अस्पतालों से संबंधित विभिन्न नवाचारी परियोजनाओं को भी इस सम्मान के लिए चयनित किया गया। विशेष रूप से ऊर्जा प्रबंधन विभाग द्वारा ग्रीनहाउस गैस (जीएचजी) उत्सर्जन में कमी लाने हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों, अभिनव डिजाइनों तथा सतत विकास आधारित परियोजनाओं की सराहना की गई।

पर्यावरण अनुकूल संतुलित समाज में अभियंताओं की भूमिका पर हुई चर्चा 

कार्यक्रम के दौरान “जलवायु परिवर्तन एवं प्रकृति-आधारित समाधान” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन भी किया गया। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (मिशन लाइफ)’ की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए इस क्षेत्र में संचालित विभिन्न पहलों एवं प्रयासों की विस्तृत जानकारी साझा की। साथ ही, एक टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल एवं संतुलित समाज के निर्माण में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, नवीकरणीय प्रौद्योगिकियों तथा सतत विकास की अवधारणाओं के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया।

और नया पुराने