बोकारो पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्व. मौसी को दी श्रद्धांजलि


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने निजी दौरे पर बोकारो पहुंचे। उनके आगमन पर नया मोड़ क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

स्वागत के बाद नितिन नवीन सीधे सेक्टर-4 स्थित अपनी मौसी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी स्वर्गीय मौसी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अपनी मौसी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से नितिन नवीन ने पौधरोपण भी किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत नितिन नवीन रांची के लिए प्रस्थान कर गए। उनका यह दौरा राजनीतिक कार्यक्रमों से इतर पारिवारिक मूल्यों, संवेदनाओं और अपनों के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

इस अवसर पर भाजपा सांसद ढुलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक बिरंचि नारायण, पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहितलाल सिंह, शशिभूषण ओझा 'मुकुल', एंजेला सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
और नया पुराने