BSL महिला समिति के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता सभी का दिल


महिला समिति, बोकारो का वार्षिकोत्सव बीएसएल के मानव संसाधन विभाग के मुख्य सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक, डीआईजी (सीआईएसएफ), सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत महिला समिति की सदस्याओं द्वारा पौधा, पुष्पगुच्छ एवं गुलाब भेंट कर किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। महिला समिति, बोकारो की अध्यक्ष  शुभम रंजन ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए समिति द्वारा समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे विविध कार्यों एवं योगदानों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक सचिव श्रीमती श्वेता कुमार ने किया, जबकि समिति की सचिव श्रीमती ऋचा प्रियदर्शिनी ने समिति की वार्षिक गतिविधियों एवं विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

लघु नाटिका व नृत्य गीत की हुई प्रस्तुति 

कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं मनोरंजक बनाते हुए समिति की सदस्याओं ने नृत्य, गीत एवं लघु नाटिका (स्किट) सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर समिति की सचिव द्वारा रचित एक विशेष गीत भी प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने खूब सराहा। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिला समिति द्वारा समाज एवं समुदाय के कल्याण हेतु किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने समिति की सक्रियता, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर महिला समिति की वार्षिक पत्रिका ‘मैत्री’ का भी विमोचन किया गया। यह आयोजन समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। समिति की उपाध्यक्ष अल्का मनवटी,  देवजानी मिश्रा, आशा दत्त, डॉ. सेलिना एवं सुनीता भारद्वाज, सचिव  ऋचा प्रियदर्शिनी, सांस्कृतिक सचिव  श्वेता कुमार, कोषाध्यक्ष  अभिरुचि प्रिया, सह-कोषाध्यक्ष  संघमित्रा पात्रा, सुरभि प्रभारी अनीशा झा, विद्यालय प्रभारी नीतू सुनीत एवं आशा राज, स्टिचिंग एवं सैनिटरी इकाई की प्रभारी  प्रीति राजेश तथा समिति की सदस्याएँ  समिता मोहंती,  कल्पना वर्मा, भावना,  रश्मि,  यामिनी श्री एवं अन्य सदस्याओं के समर्पित प्रयासों, उत्कृष्ट समन्वय एवं टीम भावना से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



और नया पुराने