बीएससिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत लेक रोड पर बुधवार की देर रात दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो की वरिष्ठ महिला कर्मचारी बबीता कुमारी (51) का आकस्मिक निधन हो गया। जबकि उनके पति इस्पातकर्मी मनोज कुमार और बेटी विशाखा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है तथा उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मृतका बबीता डीपीएस बोकारो के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं। उनके आकस्मिक निधन से पूरा विद्यालय परिवार मर्माहत है और में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बबीता अत्यंत ही मृदुभाषी, सुशील और कर्मठ कर्मी थीं। उनके निधन से विद्यालय परिवार को एक अपूरणीय क्षति हुई है। विद्यालय तथा विद्यार्थियों के हित में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। दुःख की इस घड़ी में पूरा डीपीएस बोकारो परिवार पीड़ित परिवार के साथ है।
बुधवार की रात बेकाबू अर्टिगा ने मारी थी टक्कर
उल्लेखनीय है कि बुधवार की रात बबीता अपनी कार में सवार होकर अपने पति और पुत्री के साथ राम मंदिर की तरफ से लेक रोड पार करते हुए सेक्टर-3 की तरफ मुड़ीं। उसी बीच सेक्टर- 9 से राम मंदिर की ओर जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार काफी बेकाबू रफ्तार में थी। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान बबीता ने दम तोड़ दिया। जबकि, उनके पति और पुत्री जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
बच्चों के बीच लोकप्रिय थी मृतका बबीता
बबीता डीपीएस बोकारो के स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाओं के लिए जानी जाती थीं। स्कूल का बच्चा-बच्चा उन्हें बेहद चाहता था। विद्यालय के बच्चों के बीच वे काफी लोकप्रिय थीं। जब भी किसी बच्चे की तबीयत तनिक भी बिगड़ती थी, तो वे एक मां की तरह उसका पूरा ख्याल रखा करती थीं। यही नहीं, साहित्यिक विधा की भी वह खूब धनी थीं। उनकी कविताएं उनके भाव बनकर सदैव लोगों का मन मोह लिया करती थीं। वह अपने पीछे एक पुत्र को भी छोड़ गई हैं। उनके आकस्मिक निधन पर विद्यालय के समस्त कर्मियों ने शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा घायल परिजनों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
