बोकारो के कैंप 02 स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष समिति के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, नेहरू युवा केंद्र, सिविल डिफेंस, खेल संघ, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने वाली प्राचीन भारतीय पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति मानसिक तनाव से मुक्त रहकर स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर समाज को अधिक स्वास्थ्य और जागरूक बनाया जा सकता है।
स्वस्थ जीवन एवं शांति के लिए योग जरूरी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने कहा कि योग व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का विकास करता है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में योग तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्रशिक्षक मुन्नी शर्मा, मुन्नी कुमारी, पूनम तिवारी, जया सिंह, गौरी शंकर सिंह, लक्ष्मण रजवार द्वारा उपस्थित लोगों को क्रमवार पद्मासन, वज्रासन, सिद्धासन, मत्स्यासन, वक्रासन, अर्धमत्स्येन्द्रासन, गोमुखासन, पश्चिमोत्तानासन, हलासन, ताड़ासन, वृक्षासन, सहित दर्जनों योगासन कराए गए।
Tags
झारखण्ड
