बोकारो के चंदनकियारी के बरमसिया ओपी क्षेत्र में लापता युवक का शव कुएं से बरामद किया गया है। टॉन्टबाजी को लेकर हुई कहासुनी में आरोपी ने दोस्त की ही हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरमसिया ओपी क्षेत्र में 19 वर्षीय सागर कुमार के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सागर को आखिरी बार मानिक मांझी के साथ देखा गया था।पुलिस ने मानिक मांझी के घर छापेमारी की, लेकिन वह घर से फरार मिला। इसके बाद पुलिस ने मानिक मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
आरोपी ने कबूला जुर्म
कड़ी पूछताछ में मानिक मांझी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पास के ही एक कुएं से सागर कुमार का शव बरामद किया। एएसपी चास वेदांत शंकर ने बताया कि मानिक मांझी की पत्नी 10-12 दिनों से घर पर नहीं थी। कुछ महीनों से सागर कुमार और मानिक की जान पहचान थी और सागर अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान सागर कुमार मानिक की पत्नी को लेकर टिप्पणी करता था, जिससे मानिक के मन में बदले की भावना आ गई। घटना वाले दिन जब सागर घर जाने लगा तो पीछे से मानिक ने डंडे से उसके सिर पर वार किया और लात-घूंसों से पिटाई कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छुपाने के लिए पास के कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और मानिक मांझी की बाइक को भी जब्त कर लिया है।
Tags
क्राइम
