दी पेन्टिकॉस्टल असेम्बली स्कूल में कक्षा VI से X तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वार्षिक हेरिटेज क्विज़ में ज्ञान, गति और टीम भावना का शानदार संगम देखने को मिला। सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुँचने के लिए प्रतिभागियों को कड़े प्रारंभिक दौर से गुजरना पड़ा। फाइनल में ऑडियो क्लू, विज़ुअल टीज़र और रैपिड फायर राउंड ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। भारत की प्राकृतिक एवं निर्मित विरासत, ऐतिहासिक स्मारकों, कला-साहित्य, स्वतंत्रता आंदोलन, पारंपरिक व्यंजनों, राष्ट्रीय उद्यानों और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों से जुड़े प्रश्नों पर प्रतिभागियों ने गहरी समझ, त्वरित सोच और शानदार तालमेल का परिचय दिया।
विद्यार्थियों में त्वरित सोच विकसित होगा
विद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों ने इस रोमांचक प्रतियोगिता को देखा। दर्शकों के लिए आयोजित विशेष राउंड ने पूरे सभागार को सक्रिय रूप से जोड़े रखा और कार्यक्रम को सभी के लिए एक आनंदपूर्ण एवं समृद्ध सीखने का अनुभव बना दिया। कक्षा VI–VIII वर्ग में लेगेसी सीकर्स विजेता तथा कल्चर गार्डियंस उपविजेता रहे। कक्षा IX–X वर्ग में अजंता हीरोज ने विजेता का गौरव प्राप्त किया, जबकि कोणार्क चैंपियंस दूसरे स्थान पर रहे. प्रतिभागियों को बधाई देते हुए प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने कहा, “अपनी विरासत को जानना केवल अतीत का अध्ययन नहीं, बल्कि अपनी पहचान को समझना है। अपनी जड़ों से जुड़ा युवा ही आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ भविष्य का निर्माण कर सकता है।”ज्ञान को मंचीय रोमांच और सहभागिता से जोड़ने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और त्वरित सोच को विकसित करने की विद्यालय की जीवंत शैक्षिक संस्कृति का प्रभावशाली उदाहरण बना।