बोकारो के कसमार में 7 वर्षीय मासूम से कथित अप्राकृतिक यौनाचार, POCSO के तहत FIR दर्ज


बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र से महज एक किलोमीटर की दूरी पर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक गाँव में सात वर्षीय मासूम बालक के साथ दो लड़कों द्वारा अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है। पीड़ित बच्चे की माँ द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले उसका बेटा गाँव में आम चुनने गया था। इसी दौरान गाँव के ही दो लड़कों ने उसे पकड़ लिया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर रस्सी से बाँध दिया। इसके बाद आरोपियों ने मासूम के साथ क्रूरतापूर्वक अप्राकृतिक यौनाचार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

स्कूल जाने से मना करने पर खुला मामला 

​घटना के बाद से मासूम बुरी तरह डरा हुआ था और उसके गुप्तांग में तेज दर्द था, जिसके कारण उसने लोक-लाज और खौफ से घर में कुछ नहीं बताया। जब उसने स्थानीय स्कूल जाने से साफ मना कर दिया, तो माँ ने कड़ाई से पूछताछ की। तब सहमे हुए बच्चे ने रोते हुए अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़िता की माँ का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्कूल के शिक्षकों से भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन या शिक्षकों की ओर से इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई। अंततः न्याय की गुहार लगाते हुए माँ ने कसमार थाने में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की माँग की है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जाँच में जुट गई है।

और नया पुराने