बोकारो इस्पात संयंत्र के परियोजना विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में "सुरक्षा सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर-इंचार्ज, कर्मचारी एवं ठेका श्रमिक उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं श्रमिकों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों एवं नियमों के अनिवार्य अनुपालन को सुनिश्चित करना था. सुरक्षा सम्मान समारोह में सुरक्षा जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया।
10 ठेका श्रमिकों को सम्मानित किया गया
कार्यक्रम के दौरान सभी को सर्वप्रथम सुरक्षा प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों एवं उनके प्रभावी समाधान पर भी चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में श्रमिकों से सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने तथा सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कुल 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो नियमित कर्मचारियों एवं 10 ठेका श्रमिकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों ने भी सुरक्षा, सतर्कता, संभावित खतरों और उनके निवारण से संबंधित विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में परियोजना विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
