बोकारो BGH में प्लास्टिक के खिलाफ नर्सिंग छात्रों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता की दिशा में पहल करते हुए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के स्कूल ऑफ नर्सिंग की ओर से “स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ एवं विकसित भारत में सहयोगी” के संदेश के साथ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक के अत्यधिक एवं अनुचित उपयोग से पर्यावरण तथा जन-स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। यह कार्यक्रम अधिशासी निदेशक (M&HS) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को प्रोत्साहित करते हुए अधिकारियों ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता से जुड़े इस महत्वपूर्ण संदेश को समाज में प्रभावी ढंग से पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

डिस्पोजेबल वस्तुओं के अनावश्यक उपयोग से बचने की सलाह 

स्कूल ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग, इसके अनुचित निस्तारण तथा इससे होने वाली पर्यावरणीय क्षति को अत्यंत सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से प्लास्टिक बैग, बोतलें, कप एवं अन्य डिस्पोजेबल वस्तुओं के अनावश्यक उपयोग से बचने, पुनर्चक्रणीय (रीसाइक्लिंग) विकल्पों को अपनाने तथा प्लास्टिक कचरे का उचित प्रबंधन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि पर्यावरण संरक्षण और जन-स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे व्यावहारिक बदलाव लाकर प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है और एक स्वच्छ, स्वस्थ तथा पर्यावरण-अनुकूल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

और नया पुराने