बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी गेट नंबर-3 का विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ नीलमणि देवी ने मारपीट और हाथ तोड़ने का आरोप लगाया है, तो वहीं दूसरी तरफ मोहल्ले के ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर नीलमणि देवी और उनके पुत्र राम बोदरा के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि नीलमणि देवी के हाथ में चोट मारपीट से नहीं, बल्कि कुछ दिन पहले गिरने से लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने मारपीट का झूठा आरोप लगाकर मोहल्ले के कुछ लोगों के खिलाफ हरला थाना में केस दर्ज करवा दिया।
डीसी व एसपी से जांच की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के मौके पर मोहल्ले में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान राम बोदरा वहां पहुंचा और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि नीलमणि देवी, जो घर में अवैध रूप से शराब बेचती हैं, मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगीं और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। ग्रामीणों ने एसपी और डीएसपी से उच्चस्तरीय जांच कर सच सामने लाने और मोहल्ले के लोगों की सुरक्षा की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस
इस मामले पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 21 सितंबर को राम बोदरा की शिकायत पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को दूसरे पक्ष के लोग भी उनके कार्यालय पहुंचे और मामले से जुड़े कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। डीएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के #आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
