बोकारो जिले के चंदनकियारी-झरिया मुख्यपथ (एनएच-218) पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप रविवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे ई-रिक्शा चालक अचिंत महतो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में माचाटांड़ निवासी अचिंत महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अचिंत महतो चंदनकियारी में कुछ सामान लोड करने के बाद पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार राहुल रजवार, प्रभात मोदी और गौतम रजवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अचिंत को चंदनकियारी सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद अचिंत महतो ने ही फोन कर घटना की जानकारी दी थी। घटना की सूचना पर जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
Tags
क्राइम
