बीएसएल के बोकारो जनरल अस्पताल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ का दिया गया संदेश


बोकारो इस्पात संयंत्र के बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में जन-सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों सहित अन्य चिकित्सक, बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं नर्सिंग छात्राएँ उपस्थित रहीं। अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) ने कहा कि अस्पताल जैसे स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में स्वच्छता का विशेष महत्व है। 

स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं 

स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर न केवल संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायक होता है, बल्कि मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल कर्मियों के लिए सुरक्षित एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा इसके प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कचरे के समुचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का प्रेरक संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सहायक महाप्रबंधक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और नया पुराने