प्रशिक्षु आईएएस ने किया बोकारो सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण


रविवार को डीसी अजय नाथ झा के निर्देश पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने सदर अस्पताल बोकारो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों के उपचार एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन कक्ष में चिकित्सक डॉ रविंद्रनाथ उपस्थित पाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तक आपातकालीन कक्ष में कुल 23 मरीजों का उपचार किया गया था। प्रशिक्षु आईएएस ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की। इस दौरान रेबीज रोधी टीका (एंटी-रेबीज वैक्सीन) उपलब्ध पाया गया। उन्होंने अस्पताल के *विभिन्न वार्डों, बेडशीट एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया। साथ ही, मरीजों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश 

निरीक्षण के क्रम में चिकित्सकों एवं नर्सों ने मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रिंटर से संबंधित समस्या से अवगत कराया। इस पर प्रशिक्षु आईएएस ने समस्या के समाधान एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अस्पताल में मरीजों को होने वाली असुविधा को दूर किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने, व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


और नया पुराने