बोकारो स्टील प्लांट में युवा कर्मचारियों की सुनी गई बात, सुरक्षा और उत्पादन सुधार पर हुआ मंथन


बोकारो इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक (संकार्य) सेमिनार हॉल में 27 अक्टूबर 2026 को एस-3 से एस-6 ग्रेड के युवा कर्मचारियों के लिए ‘सुझाव मंच’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा कार्यबल को शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करना तथा संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति, उत्पादन निष्पादन एवं परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने हेतु उनके व्यावहारिक अनुभवों, विचारों और सुझावों को समाहित करना रहा। इस संवादात्मक सत्र में संयंत्र की विभिन्न उत्पादन इकाइयों एवं विभागों से कुल 89 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ), मुख्य महाप्रबंधक (सेवाएँ), मुख्य महाप्रबंधक (विद्युत), मुख्य महाप्रबंधक (अनुरक्षण), मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस), मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट), मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) तथा मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा के प्रति सतत सजगता जरूरी 

सत्र के दौरान प्रस्तुत विस्तृत तकनीकी प्रस्तुति में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, सेल व बीएसएल के उत्पादन निष्पादन, प्रमुख इस्पात उत्पादकों के साथ बेंचमार्किंग तथा संयंत्र की वित्तीय स्थिति के पारस्परिक संबंधों को रेखांकित किया गया। संवाद सत्र के दौरान विभिन्न शॉप्स से आए युवा कर्मचारियों ने शॉप-फ्लोर सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, उत्पादकता संवर्धन, ऊर्जा संरक्षण एवं परिचालन चुनौतियों के समाधान हेतु अनेक उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए। अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने कर्मचारियों के सक्रिय योगदान की सराहना करते हुए निरंतर सुधार एवं सुरक्षा अनुपालन में उनकी सहभागिता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षा के प्रति सतत सजगता, उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति तथा कार्य निष्पादन में निरंतर सुधार के लिए कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। शॉप-फ्लोर के युवा कार्यबल के नवाचारी विचारों को सीधे संगठनात्मक नीतियों से जोड़ने की यह पहल कार्य-संस्कृति को अधिक समावेशी और गतिशील बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। खुला और पारदर्शी संवाद स्थापित करने का यह समन्वित प्रयास बोकारो इस्पात संयंत्र के 'शून्य-दुर्घटना' लक्ष्य, परिचालन उत्कृष्टता तथा सतत औद्योगिक विकास के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।


और नया पुराने