बुजुर्गों के संग डीपीएस बोकारो की अनूठी दीपावली, सेवा और सम्मान से रोशन किए चेहरे


दीपावली पर एक तरफ जहां पूरा शहर दीयों की रोशनी और पटाखों की गूंज में अपनी खुशियां तलाश रहा था, वहीं दूसरी ओर दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के विद्यार्थियों ने अपने प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के नेतृत्व में एक अनूठी और अनुकरणीय पहल की। विद्यार्थियों के भीतर बड़े-बुजुर्गों के प्रति आदर, सेवा-भाव, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की गहरी संवेदना विकसित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी दीपावली का यह विशेष पर्व समाज के वरिष्ठ नागरिकों के साथ मनाया गया। प्राचार्य डॉ. गंगवार के साथ शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की एक आत्मीय टोली चास स्थित वृद्ध सेवा आश्रम पहुंची और वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा करते हुए उन मुरझाए चेहरों पर मुस्कान की रोशनी बिखेरी, जो उम्र के इस पड़ाव पर अपनों की उपेक्षा और विभिन्न शारीरिक परेशानियों के बीच जीवन गुजार रहे हैं।

डीपीएस टीम का समिति ने किया स्वागत 

बाबा बैद्यनाथ जन सेवा समिति, चास (बोकारो) की ओर से संचालित इस वृद्धाश्रम में पहुंचने पर डीपीएस बोकारो टीम का भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। संस्था के प्रबंधक रणजीत कुमार दास तथा आश्रम के एक वरिष्ठ निवासी जगदीश बोस ने प्राचार्य डॉ. गंगवार और पूरी टीम का स्वागत किया, जबकि आश्रम के अन्य बुजुर्गों ने सभी का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान उस वक्त माहौल भावुक और आनंदमय हो गया, जब आश्रम के बुजुर्ग निवासी बैजनाथ साहू के 101वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में सभी ने मिलकर केक काटा। साहू ने इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम, गांधीवादी आंदोलनों आदि की चर्चा कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उत्सव के इस रंग को बच्चों ने संस्था के मुख्य द्वार पर फूलों की आकर्षक और मनमोहक रंगोली के साथ और गहरा कर दिया।

वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर 

स्वयं से पहले सेवा के ध्येय को चरितार्थ करते हुए इस उत्सव में विद्यालय के वरीय उप-प्राचार्य अंजनी भूषण, प्रधानाध्यापिका डॉ. सरिता गंगवार, प्रशासक राजन कुमार सिंह सहित कई शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए। डीपीएस बोकारो की टीम ने वृद्धाश्रम के सभी बुजुर्गों के साथ बैठकर न केवल दीपावली के दीपक जलाए, बल्कि उनके साथ समय बिताया, उनके संस्मरण सुने और अपने अनुभव साझा किए। इस क्रम में बुजुर्गों को ठंड से राहत देने और पर्व की खुशियां बढ़ाने के लिए उपहार स्वरूप गर्म ऊनी कपड़े, फल, ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयां और पानी की थर्मल बोतलें ससम्मान प्रदान की गईं। प्राचार्य डॉ. गंगवार ने पूरी संवेदनशीलता और आदर के साथ बुजुर्गों के पास बैठकर उनसे लंबी बातचीत की तथा भविष्य में भी विद्यालय परिवार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का पूर्ण आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने बुजुर्गों को सम्मान, देखभाल और सुरक्षित आश्रय प्रदान करने की दिशा में बाबा बैद्यनाथ जन सेवा समिति द्वारा किए जा रहे निस्वार्थ और सराहनीय कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। प्राचार्य ने कहा कि किसी भी समाज और परिवार की वास्तविक ताकत उसके बुजुर्गों के आशीर्वाद, उनके संचित अनुभवों और उनके मार्गदर्शन में निहित होती है। वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं.

और नया पुराने