मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी अलर्ट एवं संभावित अत्यधिक वर्षा को ध्यान में रखते हुए बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने छात्रहित में यह निर्णय लिया है कि जिले के सभी प्रारंभिक एवं मध्य कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी, अल्पसंख्यक एवं सहायता प्राप्त विद्यालय 19 जून (गुरुवार) को बंद रहेंगे।
छात्रों की सुरक्षा को लेकर लिया गया निर्णय
यह आदेश विभाग से प्राप्त निर्देश एवं अचानक मौसम में आए बदलाव और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। इसे सुनिश्चित करने को लेकर डीएसई, सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक,प्रभारी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है।
रांची डीसी ने दिया केजी से क्लास 12वीं तक बंद रखने का आदेश
रांची के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने 19 जून को जिला में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग-KG से वर्ग-12 तक के विद्यालय को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
19 को रांची में भी है बारिश का रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग, भारत मौसम विज्ञान केन्द्र झारखण्ड, रांची के विशेष बुलेटिन में कहा गया है कि 19 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रेड जोन की श्रेणी में रांची जिला को चिन्हित करते हुए भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है। जिसके आलोक में जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने पर संबंधित विद्यालय, संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धारा के तहत उत्तरदायी होंगे। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जिले के सभी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रधानाध्यापक-सह- निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सभी कोटि के विद्यालय के प्राचार्य,प्रधानाध्यापक,प्रभारी प्रधानाध्यापक, संबंधित शिक्षक-शिक्षिका, संबंधित विद्यालय प्रधान एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक,माध्यमिक एवं +2 उच्च विद्यालय,सचिव, प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक को आदेश पालन करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है।
आज भी बारिश का है रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जारी अपनी बुलेटिन में कहा है कि 19 जून को भी बोकारो, रांची, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम आदि जगहों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए इन जगहों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लोहरदग्गा, खूंटी, सिमडेगा आदि जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।