डीपीएस बोकारो में शुक्रवार को रक्षाबंधन का उत्सव अनूठे अंदाज में मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार के निर्देशन में वृक्षाबंधन के नाम से यह त्योहार मनाया। बच्चों और शिक्षकों ने पेड़ों को बड़े आकार की राखी बांधकर उनकी रक्षा करने तथा प्रकृति की हरियाली बचाए रखने का संकल्प लिया। सीनियर इकाई में बारी-बारी से विभिन्न पेड़ों पर राखियां बांधी गईं।
नन्हें छात्र-छात्राओं ने मैत्री बंधन के रूप में बांधी राखी
वहीं, प्राथमिक इकाई में नन्हे छात्र-छात्राओं ने पेड़ों को मैत्री बंधन के रूप में राखियां बांध पेड़ बचाओ, पृथ्वी बचाओ का संदेश दिया। इस अवसर पर राखी बनाने और थाली सजाने की विशेष प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें प्री-नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस गतिविधि के जरिए बच्चे जहां अपनी पारंपरिक कला से अवगत हुए, वहीं अपने भाई-बहनों के प्रति प्रेम व स्नेह को खुद अपने हाथों से बनाईं राखियों के माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित भी किए गए।
रक्षाबंधन जिम्मेदारी के बंधन का प्रतीक
प्राचार्य डॉ. गंगवार ने सभी को रक्षा बंधन की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहनों के बीच प्रेम, स्नेह, सुरक्षा और जिम्मेदारी के बंधन का प्रतीक है। प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक मानव का धर्म व नैतिक कर्तव्य है। विदित हो कि पर्यावरण-संरक्षण की दिशा में डीपीएस बोकारो सतत प्रयत्नशील है। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में विद्यालय को हाल ही में संयुक्त राष्ट्र समर्थित सस्टेनेबल गोल अवार्ड मिला है और इसके पूर्व भी ग्रीन स्कूल अवार्ड जैसी प्रशस्तियां भी मिल चुकी हैं।