दीपावली एवं छठ के उपलक्ष्य में डीपीएस बोकारो में शुक्रवार को विशेष एसेंबली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रकाश-पर्व दीपावली व आस्था के महापर्व छठ की सतरंगी छटा बिखेरी। सीनियर इकाई के लिए विद्यालय के अश्वघोष कला क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीत - जग का व्यापक अंधकार हर निज प्रकाश भर दो, ज्योतिर्मय कर दो... के सामूहिक गान से हुई। इसके पश्चात कक्षा 9 के विद्यार्थी रतन शालीन ने सुविचार एवं 11वीं की छात्रा अद्रिजा मंत्री ने स्थानीय व देश-विदेश के मुख्य समाचारों से अवगत कराया। 10वीं की अन्वी राय ने छठ की महत्ता बताती एक सुंदर कविता प्रस्तुत कर देश की समृद्ध सांस्कृतिक व पारंपरिक विरासत को रेखांकित किया।
भक्ति, आस्था व पवित्रता का दिखा संगम
इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में विद्यार्थियों की टोली ने उग हो सुरुज देव अर्घ्य के बेला भइल दी ना अभय वरदान..., केलवा के पात पर... आदि छठ गीतों के सुमधुर सामूहिक गायन से कार्यक्रम में भक्ति, आस्था और पवित्रता का रस घोल दिया। तदुपरांत विद्यार्थियों ने केसर तिलक लगाओ दिवाली जश्न मनाओ... गीत पर नृत्य से दीपावली की खुशियों को जीवंत कर दिया। इस क्रम में छठ-पूजन सामग्रियों और जगमगाते दीयों की रोशनी की साज-सज्जा ने कार्यक्रम की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। इधर, विद्यालय की प्राइमरी इकाई में बच्चों ने अपनी मनोरम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से संस्कृति, कला, भक्ति का अनुपम समन्वयन प्रस्तुत किया। दिवाली और छठ पर सुमधुर गीत से उन्होंने अंधकार पर प्रकाश की विजय को दर्शाया और पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने के लिए सूर्य देव के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके उपरांत मनमोहक दिवाली नृत्य की प्रस्तुति में भावपूर्ण मुद्राओं से बच्चों ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस क्रम में विद्यालय के गंगा सदन द्वारा तैयार द्वैमासिक बाल समाचार-पत्र डीपीएस बोकारो क्रॉनिकल्स के नए संस्करण का विमोचन भी किया गया। साथ ही, हैप्पीनेस क्लास में बच्चों ने दीपावली से संबंधित आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं और अपने प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार को स्वनिर्मित शुभकामना-पत्र भी भेंट किए।
Tags
झारखण्ड