अवैध गैरेज-पार्किंग पर कार्रवाई और स्कूल बस सुरक्षा पर जोर, डीडीसी ने दिए कड़े निर्देश


समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के अधिक से अधिक नौजवानों को सड़क सुरक्षा वोलेंटियर के रूप में प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ेगी। इसके लिए जिले के सभी विद्यालयों में विशेषकर सड़क किनारे स्थित विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रमों का एक वार्षिक कैलेंडर तैयार करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। ताकि स्कूल, कॉलेज, चौक-चौराहों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाया जा सके।

चास नगर निगम क्षेत्र में अवैध गैरेज एवं पार्किंग पर कार्रवाई

बैठक में चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सड़क किनारे संचालित अवैध मोटर वाहन गैरेजों एवं अवैध पार्किंग की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उप विकास आयुक्त ने नगर निगम प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसे अवैध गैरेजों एवं अवैध पार्किंग स्थलों की पहचान कर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे यातायात बाधित नहीं हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। ट्रैफिक विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह की गई सभी कार्रवाई, जैसे चालान, वाहन जांच, जागरूकता अभियान एवं दुर्घटना से संबंधित आंकड़ों की समेकित रिपोर्ट तैयार कर जिला सड़क सुरक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि नियमित समीक्षा के आधार पर आगे की रणनीति तय की जा सके।

एनएच मार्गों पर सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश

जिले के चरगी, पेटरवार से दांतू चौक तक एनएच-23, एनएच-32 एवं 218 मार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करते हुए सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिफ्लेक्टिव स्टड्स एवं डिलाइनेटर लगाने का निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) प्रतिनिधि को दिया गया। इससे रात्रि के समय दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। स्कूल बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उप विकास आयुक्त ने डीटीओ एवं डीईओ को स्कूल प्रबंधन के साथ संयुक्त रूप से बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्कूल बसों के लिए जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

हिट एंड रन मुआवजा मामलों के त्वरित निष्पादन पर बल

हिट एंड रन से संबंधित लंबित मुआवजा आवेदनों की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि दुर्घटना में मृतक के परिजनों को यथाशीघ्र मुआवजा राशि का भुगतान हो, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता समय पर मिल सके।बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था संभव है। इससे पूर्व, जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने पिछली बैठक में विभिन्न विभागों को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार जानकारी दी। जिस पर डीडीसी ने संबंधित विभागों को जरूरी दिशा - निर्देश दिया।  बैठक में अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर, उत्पाद अधीक्षक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

और नया पुराने