नकाबपोश अपराधियों ने दिन दहाड़े पिस्टल सटाकर शिक्षक व बीआरसी कर्मी से की लूट


बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार-पेटरवार मुख्य पथ के बेमरोटांड तालाब के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े  पिस्टल सटाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। लूट की घटना कसमार बीआरसी में कार्यरत एमआईएस को आर्डिनेटर दीपक पटेल एवं कसमार के सहायक शिक्षक संतोष मुखर्जी के साथ घटी है। अपराधी दो बाइक पर चार की संख्या मे आए थे। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी लुटेरे पेटरवार की तरफ भाग निकले। घटना के बाद इसकी सूचना पीड़ितों ने तुरंत कसमार पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, एएसआई रोजिद आलम, सुंदर हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने लूट की जानकारी पीड़ितों से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी ली। घटना के संबंध में बीआरसी कर्मी दीपक पटेल ने बताया कि कसमार बीआरसी से छुट्टी होने के बाद बीआरसी से कुछ जरुरी कागजात को अपने बैग में डालकर वे  अपने घर के लिए  निकल गए। 

ग्रामीणों की आवाज सुनकर भाग गए बदमाश 

इसी बीच कसमार-पेटरवार मुख्य पथ के समीप स्थित बेमरोटांड तालाब के समीप पेटरवार की तरफ से आ रहे सहायक शिक्षक संतोष मुखर्जी दिखे। कुछ देर बात करते-करते कसमार की तरफ से दो बाइक पर चार नकाबपोश अपराधी अचानक वहां रुक गये। इसके बाद अपराधियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक पिस्टल निकालकर गर्दन पर सटा दी। इसके बाद दोनों लोगों की बाईक की चाबी छीन ली। बीआरसी से जो जरुरी कागजात बैग में रखे हुए थे,उस बैग को भी छिन लिया गया। इसके बाद जान मारने की भी कोशिश की गई। अचानक सड़कों में ग्रामीणों की आवाज सुनकर सभी अपराधी भाग निकले। इस संबंध में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि लूट की घटना में जो भी बदमाश शामिल हैं,उसकी खोजबीन की जा रही है। पीड़ित व्यक्ति ने थाने में लिखित आवेदन देने की बात कही गई है।

और नया पुराने