पिछले 22 फरवरी को बोकारो रेलवे स्टेशन के टेंपो स्टैंड के समीप रात के 7 बजे सचिन यादव की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी रेलवे गोल मार्केट निवासी बलराम कुमार उर्फ़ भोलू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक के छोटा भाई मिथलेश कुमार के द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना बोकारो में 23 फरवरी को मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, रेल जमशेदपुर के द्वारा पुलिस उपाधीक्षक रेल चक्रधरपुर, मनीष कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम के छापेमारी दल के द्वारा अनुसंधान करते हुए इस कांड में शामिल आरोपी बलराम कुमार उर्फ भोलु विश्वकर्मा, पिता स्व०) धनेश्वर विश्वकर्मा, सा०- रेलवे गोल मार्केट, थाना-बालीडीह, जिला- बोकारो को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के द्वारा इस कांड में अपनी संलिप्तता को स्वीकार की गई तथा उनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, मोबाईल फोन एवं घटना करते समय पहना हुआ जैकेट को बरामद किया गया है। इसमें जीआरपी और आरपीएफ पोस्ट की विशेष भूमिका रही।
जीजा के साथ मारपीट बनी हत्या की वजह
गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया कि मृतक सचिन यादव एवं उनके दोस्तों के द्वारा करीब 01 महीना पहले अभियुक्त के जीजा धनंजय कर्मकार के साथ मारपीट किया गया था, उसी बात को लेकर अभियुक्त एवं सचिन यादव के बीच विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी अभियुक्त अपने जीजा धनंजय कर्मकार के साथ रेलवे स्टेशन पर आया था, जहां पर सचिन यादव के साथ उनलोगों की बहसा-बहसी हुई और बाद में अभियुक्त बलराम कुमार उर्फ भोलु विश्वकर्मा के द्वारा सचिन यादव को गोली मार दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में कई आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें बालीडीह तथा आरपीएफ पोस्ट बोकारो में मारपीट, रंगदारी, अपहरण से संबंधित कुल 15 कांड दर्ज हैं। इस कांड के उन्द्रेदन में आरपीएफ बोकारो एवं बोकारो जिला बल का सहयोग रहा है तथा इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किया जा रहा है। मौके पर पुनि सह थाना प्रभारी, रेल थाना शंकर प्रसाद, आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार, बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार, आरपीएफ बोकारो के धनंजय कुमार द्विवेदी, बोधराम महतो रेल थाना बोकारो आदि मौजूद थे।
