बोकारो स्टील प्लांट में विस्तारीकरण का मार्ग प्रशस्त होने पर इसके लिए पिछले कई माह से बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी के तत्वावधान में अभियान चला रहे कुमार अमित ने खुशी ज़ाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है। सिविल सोसाइटी के द्वारा सेक्टर 2 अम्बे गार्डन में नागरिक अभिनंदन एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के अनेक वर्गों से आए लोगों ने इस अभियान के संयोजक कुमार अमित को इस कार्य के लिए अभिनंदन किया। कुमार ने भी इस अभियान में सहयोग करने वाले सभी प्रमुख लोगों को अंगवस्त्र देकर आभार जताया। कुमार ने बताया कि पिछले सात माह से जारी इस अभियान के तहत समाज के हर वर्ग के लगभग 50 हज़ार लोगों ने बीएसएल विस्तारीकरण और बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखा। इसके अलावे अनेक केन्द्रीय मंत्रियों, झारखण्ड के राज्यपाल, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्रियों, अनेक सांसदों सहित सरकार के अनेक अधिकारियों से मिलकर स्थगित विस्तारीकरण को प्रारंभ करने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की गई। उसी का नतीजा है कि फिर से प्लांट के विस्तारीकरण का काम शुरू हो रहा है.
सांसदों और और अधिकारियों का मिला सहयोग
नेता प्रतिपक्ष सह तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अनेक सांसदों ने प्रधानमंत्री को इस संबंध में पोस्टकार्ड लिख कर इस अभियान को समर्थन भी दिया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं सांसद ढुल्लू महतो ने केन्द्रीय इस्पात मंत्री से अनेकों बार मिलकर कर इस विषय को मजबूती से रखा। परिणामस्वरूप इस विस्तारीकरण से स्थगन हटा और मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके लिए कुमार अमित ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, केन्द्रीय इस्पात मंत्री द्वय एच डी कुमारस्वामी, भूपति राजुश्रीनिवास वर्मा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुण्डा, रघुवर दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु, धनबाद सांसद ढूल्लू महतो, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, केंद्रीय इस्पात सचिव संदीप पौण्ड्रिक, पूर्व साँसद पशुपतिनाथ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पूर्व निदेशक प्रभारी बी.के तिवारी, पूर्व अधिशासी निदेशक राजन प्रसाद, भिलाई स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी, बीएसएल के पूर्व अधिशासी निदेशक चितरंजन महापात्रा, वर्तमान प्रबंधन सहित सभी बोकारो वासियों एवं मीडिया का आभार जताया।
अब एयरपोर्ट व इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए चलेगा पोस्टकार्ड अभियान
कुमार अमित ने बोकारो वेलफेयर सिविल सोसाइटी के तत्वावधान में समाज के सहयोग से बोकारो एयरपोर्ट और प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए भी पोस्टकार्ड अभियान चलाने का ऐलान किया। उन्होंने बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। ऑफ़िसर एसोसिएशन के अध्यक्ष ए.के सिंह नें विस्तारीकरण कार्य में समाज से सकारात्मक सहयोग की अपील की। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जीतेन्द्र सिंह ने कहा कि विस्तारीकरण से हज़ारों करोड़ के निवेश से बोकारो का तीव्र गति से विकास होगा। चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के नरेंद्र सिंह ने कहा की विस्तारीकरण से बोकारो में आर्थिक विकास की संभावनाएं विकसित होंगी। विस्थापित परिवार से सबसे पहले बीएसएल अधिकारी बनने वाले सेवानिवृत्त उपमहाप्रबंधक प्रद्युम्न साव ने कहा कि हज़ारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी सृजित होगा। बीएमएस नेता रंजय कुमार ने कहा कि विस्तारीकरण से प्लांट में मजदूरों की छँटनी पर लगाम लगेगा। विस्थापित नेता अब्दुल रब और शिवप्रसाद शिबू ने विस्तारीकरण से विस्थापित बेरोज़गारों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम का संचालन अतुल कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में बैंक कर्मचारी संघ के नेता एसएन दास, विस्थापित नेता शंकरलाल गोप, उद्यम संकल्प के राजेश कुमार, बीएमएस के महामंत्री विनोद कुमार, एसके वर्मा, बीएकेएस के दिलीप कुमार, भानू पाठक, युवा नेता विनोद कुमार, छात्र नेता विवेक पाठक, महिला नेत्री ममता गोस्वामी, उद्यमी जय भुवन आदि मौजूद थे.

