बोकारो एयरपोर्ट से सटे दुंदीबाग बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। यह निर्णय बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न विकास एवं सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए परिसर में स्लैब के माध्यम से 15 दिनों के भीतर बाउंड्री निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्र में ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड के बोर्ड लगाने को भी कहा गया, ताकि दोबारा अतिक्रमण की कोशिशों को रोका जा सके। साथ ही, दुंदीबाग क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस पिकेट स्थापना के लिए बीएसएल के द्वारा अग्रेतर कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
बीएसएल को दुंदीबाग बाजार सहित आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, बैठक में उपस्थित एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा को चिन्हित स्थलों की अद्यतन सूची बीएसएल प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। बैठक में क्रय की गई उच्च तीव्रता वाले फ्लैश लाइट/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट का अधिष्ठापन सतनपुर पहाड़ पर एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा परिसर में बची हुई झाड़ियों और पेड़ों की छंटाई जल्द पूरी करने को भी कहा गया, ताकि सुरक्षा और साफ-सफाई बेहतर हो सके।
एमओयू नवीकरण और सीटीओ के लिए आवेदन का निर्देश
बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) और बोकारो स्टील प्रबंधन (बीएसएल) के बीच एमओयू के नवीकरण तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) के लिए आवेदन करने को भी कहा गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में बोकारो एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, एयरपोर्ट की सिक्योरिटी वेटिंग, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लियरेंस, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था तथा एयरपोर्ट पर आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एयरपोर्ट संचालन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
बैठक में एयरपोर्ट के संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं की भी समीक्षा की गई, जिनमें एएआइ द्वारा उपलब्ध कराए गए नक्शे में आवश्यक संशोधन, डीजीसीए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, एयरपोर्ट पर 02 एसीएफटी वाहनों की तैनाती तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा - निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, डीएफओ नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) के मनोज कुमार, बीएसएल टाउनशीप जीएम एके तिवारी, एजीएम (एविएशन) पीके. स्वैन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
