आधार नामांकन को लेकर सख्त निर्देश: 0-5 वर्ष के बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश


जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की समीक्षा को लेकर शनिवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने की। बैठक में 0-5 वर्ष के बच्चों का आधार पंजीकरण शिविर आवश्यक रूप से लगाने का निर्देश दिया। बैठक में सभी प्रखंडों में आधार पंजीकरण केंद्रों की उपलब्धता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा किया गया। उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को  निर्देश दिया कि शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी आधार कीट को सक्रिय करने के लिए विभाग से पत्राचार करें। ताकि जल्द से जल्द केंद्र सुचारू रूप से शुरू किया जा सके। साथ ही IPPB के प्रतिनिधि को 0-5 वर्ष के बच्चों के पंजिकरण हेतु कैम्प लगाने तथा कैम्प की अवधि को सुबह 10:00 से अपराह्न 03:00 बजे तक करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही जिले में आधार नामांकन, मोबाइल नंबर एवं पता अपडेट, बायोमेट्रिक अद्यतन तथा लंबित आवेदनों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। 

विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए

उप विकास आयुक्त मजूमदार ने सभी प्रखंडों से प्रगति रिपोर्ट लेते हुए निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में आधार कवरेज अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आज सभी सरकारी योजनाओं का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आधार से वंचित न रहे। विशेष रूप से नवजात बच्चों, स्कूली छात्रों, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के आधार नामांकन एवं अपडेट पर प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। आधार केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर आवश्यक संसाधन एवं कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सेवा की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

आधार सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू की जाए 

उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आधार सेवाओं को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से लागू करना जिला प्रशासन की प्राथमिक प्राथमिकता है। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आबिद हुसैन, जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी शैलेंद्र मिश्रा, यूआईडी क्षेत्रीय कार्यालय रांची के प्रतिनिधि हरबीर सिंह सहित नामांकन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

और नया पुराने