चास नगर निगम स्थित गुरुद्वारा में उपायुक्त अजय नाथ झा ने पहुंचकर माथा टेका और जिलेवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही लोगों के साथ बैठकर लंगर भी खाए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और सिख समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात की। उपायुक्त अजय नाथ झा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को वैसाखी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व खुशहाली, नई फसल और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैसाखी पर्व केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करने वाला पर्व है। इस अवसर पर सिख समाज के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त का स्वागत किया और उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उपायुक्त ने समुदाय के लोगों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में भी जानकारी ली और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। गुरुद्वारा परिसर में इस दौरान कीर्तन, अरदास एवं लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सिख समाज की वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति का इतिहास गौरवशाली रहा है
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सिख समुदाय के लोगों ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सिख समाज की वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति का इतिहास गौरवशाली रहा है, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि सिख समुदाय हमेशा से सामाजिक एकता, सेवा भाव और मानवता की मिसाल पेश करता रहा है, और जिले के विकास एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
Tags
झारखण्ड
