अयोध्या पहाड़ की रमणीक वादियों में सजी डीपीएस बोकारो की उमंग की पाठशाला


शिक्षक राष्ट्र-निर्माण की वह आधारशिला हैं, जो बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। जब शिक्षक स्वयं आनंदयुक्त और तनावमुक्त माहौल में रहेंगे, तभी वे सर्वश्रेष्ठ परिणाम दे सकेंगे। वास्तव में, खुशनुमा माहौल में काम करने वाले खुशहाल शिक्षक ही एक खुशहाल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। ये प्रेरक विचार दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) स्थित अयोध्या पहाड़ की रमणीक वादियों में आयोजित विद्यालय परिवार के मिलन समारोह के दौरान व्यक्त किए। विद्यालय परिवार में आपसी प्रेम और सामंजस्य की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि खुशहाल माहौल में किया गया कार्य हमेशा सकारात्मक परिणाम देता है। प्रकृति की गोद और वादियों के बीच बसे सुरम्य स्थल कुशलपल्ली में आयोजित इस समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक और प्रशासनिक कर्मी शामिल हुए। प्राचार्य के नेतृत्व में स्कूल बसों में सवार होकर हंसते-गाते रवाना हुई विद्यालयकर्मियों की इस टोली का वहां पहुंचने पर पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। 

तिलक लगाकर किया गया अभिनंदन 

छऊ नृत्य की थाप और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच प्रत्येक सदस्य को पलाश की माला पहनाई गई और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले आयोजित इस अनूठी ट्रिप का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा, आनंद और उत्साह का संचार करना था। इस दौरान सभी कर्मियों ने प्रकृति के सौंदर्य का जमकर लुत्फ उठाया। वादियों और पेड़-पौधों के बीच सैर करते हुए जहां उन्होंने साथ में गुणवत्तापूर्ण समय बिताया, वहीं आपसी सामंजस्य और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए कई मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। शिक्षकों ने तैराकी का आनंद लिया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी अपनी प्रतिभा बिखेरी। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने इस अविस्मरणीय अनुभव और मानसिक शांति प्रदान करने वाले इस आयोजन के लिए प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त किया। मंगलवार देर शाम जब यह टोली वापस बोकारो लौटी, तो हर चेहरे पर नए सत्र की चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए एक नई मुस्कान और दोगुनी ऊर्जा देखी गई।

और नया पुराने