हनुमान जयंती पर जय हनुमान ज्ञान गुण सागर से गूंजा चिन्मय विद्यालय


हनुमान जयंती के पावन दिन भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के रूप में पूरी दुनिया में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है. मान्यता है कि चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि पर अंजनी पुत्र हनुमान का जन्म हुआ था, इसलिए इस दिन उनकी पूजा करने से विशेष फल प्राप्त होता है। चिन्मय विद्यालय बोकारो में हनुमान जयंती के अवसर पर हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे जिले के हजारों भक्तों ने विद्यालय के स्वामी तपोवन सभागार में बैठकर एक साथ, एक लय में 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने सभागार में उपस्थित सभी भक्तों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी। 

राम भक्त हनुमान जी के 108 नामों का उच्चारण किया गया


राम भक्त हनुमान जी के 108 नामों का उच्चारण किया गया। उन्होंने राम भक्त हनुमान की महिमा और उनके जन्म की कथा के बारे में संक्षिप्त में बताया। इसके बाद स्वामिनी ने 11 बार हनुमान चालिसा पाठ की शुरुआत की। जैसे-जैसे भक्त भगवान हनुमान की स्तुति कर रहे थे और उनकी भक्ति में डूब रहे थे, वैसे-वैसे माहौल अलौकिक बनता गया। पूरे परिसर में 'जय हनुमान ज्ञान गुण सागर' गूंज रहा था। पाठ पूरा होने के बाद सभी भक्तों को स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में मार्गदर्शक के रूप में स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती उपस्थित रहीं। विद्यालय के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष आरएन मलिक, प्राचार्य सूरज शर्मा और उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार के साथ रेनबो पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बिपुल सिंह मौजूद रहे।



और नया पुराने