बेरमो में पड़ोसियों के साथ विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार


बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र के 5 नं० धौड़ा में आपसी विवाद में पड़ोसियों ने एक महिला को पीट-पीटकर मार डाला। घटना 29 मई की रात करीब 9:00 बजे की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 नं० धौड़ा निवासी अनिता देवी, पति महेश भुईयाँ का पड़ोसी बबलु कुमार, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ और राजेश कुमार समेत अन्य लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अनिता देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

6 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार 

परिजन तुरंत अनिता देवी को ढोरी स्थित रीजनल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव की विधिपूर्वक मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेजा गया। 30 मई को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पति महेश भुईयाँ के आवेदन पर बेरमो थाना में केस दर्ज किया गया। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बबलु कुमार, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ, राजेश कुमार के नाम शामिल हैं. बेरमो थाना प्रभारी ने बताया कि शेष नामजद आरोपियों के खिलाफ अनुसंधान और छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।





और नया पुराने