बोकारो के महामिलन बैंकेट हॉल में बुधवार को भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू , प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ,धनबाद सांसद ढुलू महतो , कार्यक्रम जिला पर प्रभारी अमरदीप यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक,पूर्व विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन को और मजबूत बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को बढ़ाते हैं।
संगठन की विचारधारा को मजबूत करने का है यह अभियान
साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा को मजबूत करने का अभियान है। इसके जरिए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली और जनसेवा के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाती है। प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विचारों की मजबूती ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने की प्रेरणा देता है। निवर्तमान सांसद पशुपति नाथ सिंह ने कार्यकर्ता विकास, संभाल और दायित्व बोध पर अपना मार्गदर्शन दिया। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्य रूप से रविन्द्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, अंबिका ख्वास, प्रहलाद महतो, रोहितलाल सिंह, बिनोद महतो,जयदेव राय सहित 150 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Tags
झारखण्ड

