भीषण गर्मी के बीच चास क्षेत्र में लगातार उत्पन्न हो रही बिजली समस्याओं को लेकर विद्युत् विभाग के सांसद प्रतिनिधि अरविंद दुबे और मुकेश राय अमर स्वर्णकार के साथ स्थानीय लोगों ने चास विद्युत विभाग पहुंचकर विद्युत अधीक्षण अभियंता दिनेश्वर कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चीरा चास,चास ग्रामीण, चास शहरी, विस्थापित क्षेत्र तथा नॉन सेक्टर गांवों में व्याप्त बिजली संकट को गंभीरता से उठाते हुए लोगों की परेशानियों से विभाग को अवगत कराया। सांसद प्रतिनिधि अरविंद दुबे और मुकेश राय ने कहा कि लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ओवरलोड तथा खराब ट्रांसफार्मरों के कारण आम जनता इस भीषण गर्मी में काफी परेशान है। कई इलाकों में घंटों बिजली बाधित रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और विभाग के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बिजली बिल की जांच की जाएगी
इस दौरान प्रमुख रूप से वार्डों में नए ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर पोल एवं तार बदलने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को आ रहे गलत बिजली बिल की जांच कराने तथा ओवरलोड एवं लोड शेडिंग की समस्या दूर करने की मांग रखी गई। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कई समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं कुछ विषयों पर विभागीय संसाधनों एवं तकनीकी बाधाओं का हवाला देते हुए अपनी सीमाएं भी बताईं। मौके पर बोकारो जिला विद्युत विभाग के सांसद प्रतिनिधि अरविंद दुबे,मुकेश राय, अमर स्वर्णकार,कनक कुमार,निमाई ओझा, विकास महत्ता एवं उत्तम महतो सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Tags
झारखण्ड
